श्रीनगर , जून 03 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) शाखा ने बुधवार को वर्ष 2015 के एक आतंकवाद से संबंधित मामले की जांच के सिलसिले में कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर छापेमारी की।
पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह तलाशी अभियान घाटी में सक्रिय आतंकवादी गतिविधियों और उनके सहायता नेटवर्क (सपोर्ट नेटवर्क) की जांच के हिस्से के रूप में कुलगाम, अनंतनाग, श्रीनगर, बांदीपोरा, सोपोर और कुपवाड़ा सहित कई जिलों में चलाया गया। पुलिस ने बताया कि यह छापेमारी उन संदिग्धों के आवासीय परिसरों पर की गयी, जिनके नाम जांच के दौरान विश्लेषण, खुफिया सूत्रों की रिपोर्ट और प्रारंभिक पूछताछ में सामने आये थे।अधिकारियों ने कहा, " यह अभियान आतंकवादी आकाओं के साथ कथित संबंधों और देश की संप्रभुता तथा अखंडता के खिलाफ गतिविधियों में शामिल होने से जुड़े साक्ष्य जुटाने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त करने के लिए चलाया गया था। "उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, दस्तावेज और अन्य सामग्रियां जब्त की गयीं, जिनका मामले की जांच पर असर पड़ सकता है। इन सामग्रियों की आगे की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, ये छापे पुलिस स्टेशन सीआईके श्रीनगर में साल 2015 में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में मारे गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह तलाशी अभियान पूरी तरह से कानून के दायरे में चलाया गया और संबंधित पुलिस थानों की मदद से सभी कानूनी औपचारिकताओं का विधिवत पालन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित