जम्मू , अक्टूबर 03 -- जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में पश्चिम बंगाल से पर्यटकों को लेकर जा रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला की मौत हो गयी और कम से कम 37 यात्री घायल हो गये।

यह दुर्घटना शुक्रवार सुबह घटित हुई। पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल नंबर की बस श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी। इसी दौरान मरोग के पास बस पहले पहाड़ी से टकराई और फिर सड़क किनारे नाले में जा गिरी।

घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया। पुलिसकर्मियों, स्थानीय लोगों और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस के अनुसार, एक घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए जम्मू के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल भेजा गया है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने दुर्घटना के बाद रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान से बात की। उन्होंने कहा, "श्रीनगर से जम्मू जा रही पश्चिम बंगाल नंबर की यात्री बस से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मैंने रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान से बात की।"उन्होंने कहा कि दुर्घटना में 38 यात्री घायल हुए हैं। इनमें एक महिला की चोटों के कारण दुखद मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों को राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, जम्मू भेजा गया है। बाकी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

डॉ. सिंह ने कहा कि घायलों को हर संभव सहायता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा उनका कार्यालय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित