जम्मू , जून 27 -- जम्मू-कश्मीर में डोडा ज़िले के भद्रवाह इलाके में बस्ती मोड़ के पास एक कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से उतरकर मक्के के खेत में जा गिरी।

स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया, जबकि घायलों को उप-ज़िला अस्पताल (एसडीएच) भद्रवाह ले जाया गया जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान गुज्जर कॉलोनी निवासी इमाम दीन (60) और अखनूर निवासी ज़ैतून बीबी (60) के तौर पर की गयी है। बाद में चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) डोडा रेफर कर दिया गया।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भद्रवाह में हुए दुखद सड़क हादसे, जिसमें इमाम हुसैन और ज़ैतून की जान चली गई के बाद डोडा के उपायुक्त कृष्ण लाल से बात की। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं।"उन्होंने बताया कि एसडीएच भद्रवाह में प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को छुट्टी दे दी गई, जबकि सिर में चोट वाले एक मरीज़ को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू भेजा जा रहा है।

डॉ. सिंह ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित