श्रीनगर , मई 27 -- जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बुधवार को हुई ईद-उल-जुहा की नमाज़ लगातार आठवें साल ऐतिहासिक ईदगाह मैदान और जामिया मस्जिद में अदा करने की इजाज़त नहीं दी।
मीरवाइज़ ने इन पाबंदियों को 'हमारी धार्मिक पहचान, गरिमा और मौलिक अधिकारों पर एक सुनियोजित हमला' बताया। मीरवाइज़ ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि लगातार आठवें साल कश्मीरी मुसलमानों को ऐतिहासिक ईदगाह और जामिया मस्जिद में ईद की नमाज़ अदा करने के अधिकार से वंचित रखा गया, जबकि उन्हें खुद नज़रबंद कर दिया गया।
उन्होंने कहा, " ईद के पवित्र और उल्लासपूर्ण अवसर पर, कश्मीर के मुसलमानों का स्वागत बैरिकेड, पाबंदियों, बंद दरवाज़ों और डराने-धमकाने से किया जाता है। यह शासन नहीं है। यह हमारी धार्मिक पहचान, गरिमा और मौलिक अधिकारों पर एक सुनियोजित हमला है, जिससे हमें गहरा आघात पहुंचता है।"हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के प्रमुख मीरवाइज़ ने युवा पीढ़ी पर इन पाबंदियों के असर को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, " यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कश्मीर में बच्चे ईदगाह में होने वाली ईद की नमाज़ और उससे जुड़े उत्सवों को देखे बिना ही बड़े हो रहे हैं। एक पूरी पीढ़ी अपनी परंपराओं को जानने और उन यादों को संजोने से वंचित हो रही है, जिन्होंने सदियों से हमारे सामूहिक जीवन को आकार दिया है। "मीरवाइज़ ने कहा, " सत्ता में बैठे लोगों को यह जान लेना चाहिए कि धरती की कोई भी ताकत उस गहरे आध्यात्मिक बंधन को मिटा नहीं सकती, जो कश्मीर के लोगों का ईदगाह, जामा मस्जिद और उनके धार्मिक संस्थानों के साथ जुड़ा है। आस्था को न तो कैद किया जा सकता है और न ही ज़ोर-ज़बरदस्ती से दबाया जा सकता है। "मीरवाइज़ के इन दावों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आयी। इस बीच, बलिदान का त्योहार ईद-उल-जुहा पूरे कश्मीर में पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
ईद की सबसे बड़ी सामूहिक नमाज़ डल झील के किनारे स्थित हज़रतबल दरगाह पर अदा की गयी। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उनके पिता और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फ़ारूक़ अब्दुल्ला, तथा पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने हज़रतबल दरगाह पर ईद की नमाज़ अदा की। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह तड़के ही दरगाह पहुंच गये और ईद की नमाज़ में शामिल हुए।
पूरी घाटी में भी ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित