हैदराबाद , अप्रैल 21 -- तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के. कविता 25 अप्रैल को नयी राजनीतिक पार्टी लॉन्च करेंगी।
सुश्री कविता ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए इसे राज्य की राजनीति में नयी शक्ति के रूप में पेश करते हुए जनता से समर्थन की अपील की है।
बंजारा हिल्स स्थित अपने कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने लामबंदी के प्रयासों के तहत सिर्सिला से पदयात्रा शुरू कर दी है। उन्होंने पुलिस और नागरिक अधिकारियों से आग्रह किया कि वे पार्टी लॉन्च से संबंधित वाहनों और प्रचार गतिविधियों में बाधा न डालें।
सुश्री कविता ने हड़ताल पर बैठे आरटीसी कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया और आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन वापस लेने के लिए कर्मचारियों पर दबाव डाला गया है।
उन्होंने सरकार पर आरटीसी आंदोलन, पानी की किल्लत और बिजली कटौती जैसे प्रमुख मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और जनता की समस्याओं को हल करने में विफल रहने के लिए सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) दोनों की आलोचना की। दोनों दलों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी हालिया बैठकें वास्तविक मुद्दों के बजाय राजनीतिक बयानबाजी पर अधिक केंद्रित थीं।
उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन सहित केंद्र से जुड़े मुद्दों को न उठाने के लिए बीआरएस की आलोचना भी की।
यह वादा करते हुए कि उनकी पार्टी युवाओं को अवसर देगी और राजनीति में बदलाव लायेगी सुश्री कविता ने कहा कि तेलंगाना को जन-केंद्रित शासन की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, "इस मिट्टी की बेटी होने के नाते, मैं एक नयी तरह की राजनीति के साथ आगे आ रही हूं। मैं जनता का आशीर्वाद चाहती हूं।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी आवाजों को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं और बीआरएस व कांग्रेस दोनों पर आत्मनिरीक्षण करने के बजाय राजनीतिक नाटकबाजी का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित