कवर्धा , अक्टूबर 13 -- छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में मंगलवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों क्षेत्र के 440 खिलाड़ी वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

कवर्धा के स्वामी करपात्री स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक विजय शर्मा ने प्रतियोगिता का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभिन्न जोन से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि खेलों में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, लगन और समर्पण आवश्यक है। खिलाड़ियों को हार-जीत की चिंता छोड़कर अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई अलग मंत्र नहीं होता, बल्कि निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से ही खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को नई पहचान दिला सकते हैं।

उन्होंने कहा कि खेल का वास्तविक आनंद बेहतर प्रदर्शन और खेल भावना में निहित है। खिलाड़ियों को मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहिए, ताकि उनका प्रदर्शन दर्शकों के लिए प्रेरणादायक बन सके। सफलता मिलने पर खिलाड़ी को समाज में सम्मान और पहचान भी प्राप्त होती है।

उप मुख्यमंत्री ने बस्तर, अबूझमाड़, सुकमा और बीजापुर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों का विशेष स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा अब नक्सलवाद के प्रभाव से आगे बढ़कर खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर हैं।

जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 13 से 16 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर, रायपुर और दुर्ग जोन के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 220 बालक और 220 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं।

प्रतियोगिता के अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग में बालक-बालिकाओं की वॉलीबाल तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में सॉफ्टबाल और हैंडबाल की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इन मुकाबलों में खिलाड़ी अपनी तकनीकी दक्षता, खेल कौशल और सामूहिक समन्वय का प्रदर्शन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित