कवर्धा , मई 15 -- छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पोंडी क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं एवं स्कूली छात्रों ने रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लंबे समय से दुकान के स्थानांतरण की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरकर आंदोलन तेज कर दिया।
प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री बसों सहित कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का काफिला भी जाम में फंस गया और कुछ समय तक आगे नहीं बढ़ सका। सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा इसका प्रतिकूल असर स्कूली विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित