कवर्धा , सितंबर 10 -- छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के जैतपुरी गांव में धान के खेतों के बीच तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार निगरानी कर रही है। उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए ट्रेंकूलाइजेशन की तैयारी की जा रही है।

गौरतलब है कि, जैतपुरी गांव भोरमदेव अभयारण्य क्षेत्र से लगा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ इससे पहले भी गांव में कई बार दिखाई दे चुका है और अब तक तेंदुआ करीब चार से पांच बकरियों का शिकार कर चुका है।

वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल सहित वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। तेंदुए को बेहोश कर पकड़ने के लिए रायपुर के जंगल सफारी से ट्रेंकूलाइजेशन गन मंगाई जा रही है।

इस बीच तेंदुए को देखने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और तेंदुए के नजदीक नहीं जाने की अपील की है।

वन विभाग की टीम तेंदुए की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ट्रेंकूलाइजेशन गन पहुंचने के बाद उसे पकड़ने की कार्रवाई किए जाने की तैयारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित