नयी दिल्ली , अक्टूबर 19 -- अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो मंगलवार को दो दिन की भारत यात्रा पर आ रहे हैं और इस दौरान वह मुंबई तथा जामनगर जाएंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार श्री रुबियो मंगलवार दोपहर मुंबई पहुंचेंगे। वह ताज मेमोरियल में मुंबई आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के बाद शाम को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ वार्ता करेंगे। इस यात्रा के दौरान वह राजधानी दिल्ली नहीं आएंगे।
इसके बाद वह जियो वर्ल्ड कनवेंशन सेंटर में अमेरिका की स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित 'फ्रीडम 250' समारोह में शामिल होंगे।
इसके अगले दिन बुधवार को श्री रुबियो मुंबई से जामनगर जाएंगे।
यह कहा जा रहा है कि वह जामनगर में रिलायंस इंडस्ट्रीज की मेगा रिफाइनरी का दौरा करेंगे। यह दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनिंग परिसर है। भारत और अमेरिका के बीच टेरिफ विवाद के बीच श्री रुबियो की इस यात्रा को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस रिफाइनरी में रूस से खरीदे गए तेल का बड़े पैमाने पर प्रसंस्करण किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित