नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को महाराष्ट्र, झारखंड और राजस्थान की चार दिन की यात्रा पर जायेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय ने सोमवार को बताया कि श्रीमती मुर्मु मंगलवार को मुंबई के लोक भवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान 'सेविंग लाइव्स एंड बिल्डिंग अ हेल्दीयर भारत' का उद्घाटन करेंगी।
बुधवार को वह बुलढाणा के शेगांव में केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित 'नेशनल आरोग्य फेयर 2026' में सम्मिलित होंगी। उसी दिन वह नागपुर में ब्रह्मा कुमारीज़ द्वारा आयोजित 'एकता और विश्वास के माध्यम से महाराष्ट्र का स्वर्णिम युग' के राज्यस्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।
राष्ट्रपति गुरुवार को जमशेदपुर में श्री जगन्नाथ मंदिर के भूमि पूजन समारोह में भाग लेंगी, जिसका आयोजन श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट, जमशेदपुर द्वारा किया जा रहा है। वह जमशेदपुर के मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का भी दौरा करेंगी और विद्यार्थियों से संवाद करेंगी।
शुक्रवार को राष्ट्रपति राजस्थान के पोखरण में वायु सेना के अभ्यास 'वायुशक्ति' का अवलोकन करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित