लखनऊ , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल पद्म विभूषण स्वर्गीय कल्याण सिंह 'बाबूजी' की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में 'हिंदू गौरव दिवस' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे और स्वर्गीय कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

कार्यक्रम में कल्याण सिंह के सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रहित में उनके योगदान तथा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उनकी भूमिका को याद किया जाएगा। इस दौरान राम मंदिर आंदोलन सहित प्रदेश और देश के सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान तथा उनके विचारों को स्मरण किया जाएगा।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वर्गीय कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह, उनके पुत्र एवं पूर्व सांसद राजवीर सिंह 'राजू भैया' सहित अनेक नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे। सार्वजनिक जीवन में उनकी पहचान स्पष्ट राजनीतिक विचारों और दृढ़ निर्णयों के लिए रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम उनके योगदान और स्मृतियों को सम्मान देने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 'हिंदू गौरव दिवस' के माध्यम से कल्याण सिंह के राजनीतिक जीवन, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े योगदान को जनस्मृति में बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित