पटना , मई 11 -- बिहार सरकार में नवनियुक्त पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने सोमवार को कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के अंतिम पंक्ति में बैठे वंचित,असहाय, एवं गरीब लोगों का उत्थान करना है। श्रीमती रमा निषाद ने आज पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री का पदभार ग्रहण किया।
श्रीमती रमा निषाद ने पदभार संभालने के बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, कार्यान्वयन स्थिति की जानकारी ली।
इस अवसर पर मंत्री रमा निषाद ने कहा कि पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का मुख्य उद्देश्य पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के अंतिम पंक्ति में बैठे वंचित, असहाय, एवं गरीब लोगों का उत्थान करना है। उन्होंने कहा कि विभाग की सभी योजनाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि पात्र एवं वंचित लाभुकों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंच सकें।
मंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि इनको सशक्त बनाना विभाग की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएँ एवं आर्थिक स्वावलंबन को मजबूत करने के लिए नए-नए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि योजनाओं की निगरानी और समीक्षा को और सख्त बनाया जाएगा तथा फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
इस अवसर पर विभाग के अपर मुख्य सचिव एच आर श्रीनिवास ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान विभाग के अपर सचिव, संयुक्त सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित