नयी दिल्ली , अगस्त 23 -- छोटे मझोले शहरों के लोगों , विशेष रूप से युवा वर्ग को नये दौर के हुनर के साथ रोजगार बाजार के लिए सशक्त करने के उद्येश्य से कल्टस एड्यूकेशन ने अमेजन वेब सर्विसेज के साथ मिल कर पूरे देश में क्लाउड व कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र के कौशल सीखने का अवसर देने की पहल शुरू की है।

यह कार्यक्रम कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) की एजेंसी राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के मार्गदर्शन में शुरू किया जा रहा है। मंत्रालय की रविवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस पहल के तहत 1,50,000 शिक्षार्थियों को अमेजन वेब के डिजिटल प्रशिक्षण कंटेंट के माध्यम से एआई और क्लाउड की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, 10,000 प्रतिभागियों को अमेजन वेब सर्विसेज री/स्टार्ट कार्यक्रम के माध्यम से गहन, रोजगार-केंद्रित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

अमेजन का यह एक निःशुल्क, बैच-आधारित कौशल विकास कार्यक्रम है, जो प्रतिभागियों को क्लाउड कंप्यूटिंग कौशल विकसित करने में मदद करता है और उन्हें स्थानीय नियोक्ताओं के साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ता है। कार्यक्रम पूरा करने वाले प्रतिभागियों को योग्य जॉब इंटरव्यू के अवसर भी मिलेंगे।

यह पहल टियर-2 और टियर-3 (छोटे मझोले) शहरों के युवाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को दूर करने का लक्ष्य रखते हुए तैयार की गयी है क्यों कि इन जगहों के युवाओं के पास विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त तकनीकी प्रशिक्षण की सुविधाओं तक पहुंचने के मौके सीमित होते हैं। इससे वे कंपनियों में नियोक्ताओं से कम संपर्क और क्लाउड तथा एआई से जुड़ी नौकरियों के लिए आवश्यक प्रमाण-पत्र हासिल नहीं कर पाते।

एनएसडीसी के चुने हुए डिलीवरी पार्टनर कल्टस के माध्यम से यह पहल शत-प्रतिशत ऑनलाइन संचालित की जाएगी और देश के सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में लागू होगी। इसमें विशेष रूप से वंचित समुदायों के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम का समापन एक राष्ट्रीय हैकाथॉन के साथ होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित