बैतूल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल पाढर के छात्रावास में रहने वाले 33 छात्र अपनी समस्याओं को लेकर करीब 18 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और छात्रावास अधीक्षक पर मारपीट, रुपये मांगने तथा मुर्गा लाने का दबाव बनाने सहित विभिन्न आरोप लगाए। छात्रों ने कलेक्टर से मिलकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्रों का आरोप है कि छात्रावास में उन्हें लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अधीक्षक छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करते हैं तथा उनसे रुपये और मुर्गा लाने की मांग भी करते हैं। छात्रों के अनुसार कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर छात्रों ने प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी शिकायत बताई और कलेक्टर से मिलने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने छात्रों से चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने तीन दिन के भीतर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी। इसके बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों पर छात्रावास अधीक्षक की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित