पौड़ी , जून 25 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव आयोग से आए केंद्रीय दल ने जिले में चल रहे पुनरीक्षण कार्यों का विस्तृत मूल्यांकन किया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी एफ. आर. चौहान ने केंद्रीय दल को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संकलन, बीएलओ द्वारा किए जा रहे क्षेत्रीय कार्यों तथा जनजागरूकता गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की।

चुनाव आयोग के अवर सचिव अभिषेक तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड, विशेषकर पौड़ी गढ़वाल जनपद में एसआईआर-2026 का कार्य संतोषजनक ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाएं तथा उनसे संबंधित कार्यवृत्त, फोटोग्राफ एवं अन्य अभिलेख सुव्यवस्थित रूप से संधारित कर आयोग को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से अभियान की समाप्ति तक पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने पर विशेष बल दिया। साथ ही उन्होंने अभियान की निगरानी एवं सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपादित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ गबर सिंह, संगीता रावत एवं विजय बिष्ट को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित