ग्वालियर , मई 19 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार शाम बिजली की डीपी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद अफरातफरी की स्थिति बन गई। आग फैलकर कलेक्ट्रेट कार्यालय की दूसरी मंजिल तक पहुंच गई, जिससे ई-गवर्नेंस विभाग के महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में भी आग पहुंचने से कुछ दस्तावेजों को नुकसान हुआ है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार घटना शाम लगभग साढ़े सात बजे हुई। कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित बिजली की डीपी में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
कलेक्टर रुचिका चौहान तत्काल मौके पर पहुंचीं और प्रभावित कार्यालयों का निरीक्षण किया। आग के कारण कई कमरों की दीवारें धुएं से काली पड़ गईं तथा फर्नीचर और अन्य सामग्री को भी नुकसान पहुंचा।
दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार फायर सेफ्टी प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारियों ने दमकल पहुंचने से पहले ही लगभग 90 प्रतिशत आग नियंत्रित कर ली थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित