बैतूल , मई 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार सुबह कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान 18 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार निरीक्षण में महिला एवं बाल विकास विभाग के 12, खाद्य विभाग के तीन तथा जिला कोषालय के तीन कर्मचारी निर्धारित समय के बाद भी अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट भवन का रखरखाव भी संतोषजनक नहीं पाया गया, जिस पर कार्यालय नाजिर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने श्रम विभाग, खाद्य विभाग, कोषालय, अपर कलेक्टर न्यायालय, भू-अभिलेख शाखा, निर्वाचन शाखा, रिकॉर्ड रूम, खाद्य सुरक्षा, लोक सेवा प्रबंधन, जिला अंत्यवसायी कार्यालय तथा जिला शिक्षा केंद्र सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और आवश्यक सूचनाओं की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजसात और गैर-राजसात शाखाओं में रिकॉर्ड के बेहतर रखरखाव तथा अनुपयोगी सामग्री के नियमानुसार निष्पादन के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
डॉ. सोनवणे ने सभी विभागों में बैठक व्यवस्था में एकरूपता लाने, प्रत्येक टेबल के सामने कर्मचारी का नाम और पदनाम दर्शाने वाली नेमप्लेट लगाने तथा कर्मचारियों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर वंदना जाट, अपर कलेक्टर मकसूद अहमद, डिप्टी कलेक्टर तृप्ति पटेरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित