बैतूल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को मुलताई तहसील के ग्राम चिखलीकला स्थित शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी परखी और विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से गुणा-भाग और पहाड़े पूछे तथा पढ़ाई, रुचियों और प्रतिभाओं पर चर्चा कर उन्हें नियमित अध्ययन और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर से मजबूत शैक्षणिक आधार भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।

उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, ओलंपियाड प्रतियोगिताओं की तैयारी और विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए व्यवस्थित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

कलेक्टर ने विद्यालय में स्मार्ट टीवी, पेयजल व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विज्ञान एवं गणित विषयों की मजबूत तैयारी कराने तथा कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए डेस्क, विद्युत व्यवस्था, शौचालय और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा बाउंड्री वॉल निर्माण से पूर्व भूमि सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन का मेन्यू देखा और स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों की सराहना करते हुए स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों का निरंतर पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती इंदिरा महतो, डिप्टी कलेक्टर कामिनी ठाकुर, मुलताई एसडीएम राजीव कहार तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित