बैतूल , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला विकासखंड के ग्राम नरेरा में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को एकीकृत प्राथमिक-माध्यमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को जल चक्र और पर्यावरण संरक्षण की जानकारी भी दी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा पांचवीं और सातवीं के विद्यार्थियों से संवाद किया तथा जल चक्र को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने सामान्य ज्ञान और अंग्रेजी विषय से जुड़े प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का आकलन किया। शिक्षकों को कहानी आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने और प्रतिदिन सामान्य ज्ञान पढ़ाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर बच्चों को बिस्किट वितरित किए गए। उन्होंने विद्यालय के शौचालय, रसोईघर और पुस्तकालय का निरीक्षण कर स्वच्छता, नियमित जलापूर्ति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता तथा मक्खियों की रोकथाम के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर भवन की छत से हो रहे रिसाव की समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिला की स्वास्थ्य जांच का अवलोकन करते हुए एएनएम को नियमित जांच, आयरन-फोलिक एसिड की दवा वितरण और पौष्टिक आहार संबंधी परामर्श सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान बाउंड्री वॉल में दरार पाए जाने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही ओपीडी, दवा वितरण व्यवस्था, 108 एंबुलेंस सेवा तथा दवाओं के स्टॉक की समीक्षा कर बंद पड़े बोर को शीघ्र सुधारकर पेयजल व्यवस्था बहाल करने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित