बैतूल , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली जनपद कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सड़क, बिजली, राजस्व, अतिक्रमण, सीमांकन, नाली तथा पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न विषयों से जुड़े लगभग 123 आवेदनों पर सुनवाई की गई।

कलेक्टर ने चिचोली क्षेत्र से संबंधित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की आवेदकों की उपस्थिति में समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए। धनियाजाम ग्राम पंचायत से जुड़ी शिकायतों की जांच कार्यपालन यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में ग्राम चूड़ियां निवासी सालकराम यादव ने कृषि भूमि पर विद्युत कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत की। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने संबंधित जूनियर इंजीनियर के विरुद्ध लापरवाही पर कार्रवाई करने तथा शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सड़क के बीच लगे बिजली के खंभों से आवागमन प्रभावित होने की शिकायत पर उन्होंने मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के अधिकारियों को पोल शिफ्टिंग कराने के निर्देश दिए। ग्राम जीन निवासी धर्मेंद्र धोटे की शिकायत पर भी महाप्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

ग्राम चूड़िया के ग्रामीणों ने मोरण्ड और कोंढर नदी पर पुल निर्माण की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को जांच कर प्रस्ताव पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मोरण्ड नदी पर बैराज निर्माण की मांग जल संसाधन विभाग को भेजते हुए आवश्यक परीक्षण कराने को कहा गया। भूमि विवाद और दस्तावेजों की जांच से जुड़े एक मामले में वन विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि ग्राम सिपलई में खेत के भीतर सीमेंट सड़क निर्माण की शिकायत की जांच तहसीलदार चिचोली को सौंपी गई।

ग्राम गोंडूमंडई के किसानों ने एलटी लाइन के बिजली तार चोरी होने, ट्रांसफार्मर बंद रहने और फसल प्रभावित होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित थाना प्रभारी को विद्युत तार चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज करने तथा बिजली विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं, सिंगराई खापा में राष्ट्रीय राजमार्ग-47 के किनारे पक्की नाली निर्माण की मांग पर संबंधित विभाग को आवश्यक पत्राचार और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित