सागर , मई 08 -- मध्यप्रदेश में सागर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल ने मकानगणना कार्य में प्रगति नहीं लाने पर चार मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और एक तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

श्रीमती पाल ने समीक्षा बैठक में कहा कि जनगणना महाअभियान के अंतर्गत मकानगणना का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का है और इसे समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने 10 मई तक 50 प्रतिशत, 15 मई तक 75 प्रतिशत और 20 मई तक 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी मकरोनिया, शाहगढ़, शाहपुर, राहतगढ़ तथा बांदरी तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि दो दिवस में प्रगति नहीं होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी चार्ज अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह और शाम कार्य की समीक्षा करने तथा कमजोर प्रगणकों के साथ अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में भी मकानगणना कार्य में तेजी लाने तथा अधिकारियों को लगातार फील्ड में जाकर प्रगति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित