भिण्ड , जून 15 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बाह्य रोगी विभाग, विभिन्न वार्डों तथा दवा वितरण केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था और दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा भर्ती मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।

श्री मीणा ने अस्पताल परिसर और वार्डों में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता पर निरंतर निगरानी रखी जाए। किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित