नारायणपुर , जून 20 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130-डी (एनएच-130डी) के निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा के लिए कलेक्टर नम्रता जैन ने विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसियों को कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिये है।
यह जानकारी आज मीडिया को दी गई ।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर ने 19 जून को लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ किलोमीटर 44.800 से 20.700 तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क, पुलिया और पुल निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान किलोमीटर 44.800 पर निर्माणाधीन बॉक्स पुलिया (1गुणा2गुणा2) के स्लैब स्टील तथा किलोमीटर 43.170 पर माइनर ब्रिज (एमएनबी-2 गुणा10) के रिटेनिंग वॉल और स्लैब निर्माण कार्यों की जांच की गई। कलेक्टर ने अप्रोच फिलिंग, अर्थवर्क और बेस फिलिंग का कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप करने तथा बारिश के दौरान मिट्टी कटाव की आशंका को रोकने के निर्देश दिए।
किलोमीटर 35.600 पर डीबीएम (डेंस बिटुमिनस मैकाडम) की मोटाई की मौके पर जांच की गई, जिसमें इसकी मोटाई 54.35 मिमी और 54.18 मिमी पाई गई। यह निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलने पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
किलोमीटर 20.700 पर निर्माणाधीन स्पन माइनर ब्रिज (2गुणा 6 मीटर) का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अप्रोच रोड निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सुचारू और सुरक्षित बना रहे।
कलेक्टर ने कहा कि बस्तर अंचल के लिए महत्वपूर्ण एनएच-130डी के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मानसून को ध्यान में रखते हुए जलभराव संभावित क्षेत्रों में रिटेनिंग वॉल समेत शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता परीक्षण और सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि सड़क निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो सके तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता प्रज्ञानंद, एसडीओ जीएस शोरी, उप अभियंता तथा निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित