आगर-मालवा , सितंबर 13 -- आगर-मालवा कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीणा के रवैये को लेकर जिले के पत्रकारों ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और कलेक्टर को जिले से हटाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की बात गंभीरता से सुनते हुए मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष कलेक्टर के व्यवहार को लेकर अपनी आपत्तियां रखीं। पत्रकारों का कहना है कि प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद एवं समन्वय लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन कलेक्टर के व्यवहार को लेकर जिले के पत्रकारों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है।

इसके पहले शनिवार को जिले के पत्रकारों की बैठक में कलेक्टर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया था तथा राज्य शासन से उन्हें आगर-मालवा से हटाने की मांग की गई थी। इसके अगले दिन रविवार को पत्रकारों का एक दल मुख्यमंत्री से मिलने हेलीपैड पहुंचा और उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनकी नाराजगी किसी व्यक्तिगत विषय को लेकर नहीं, बल्कि पत्रकारों और प्रशासन के बीच बने असंतोषपूर्ण माहौल को लेकर है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित