बैतूल , जून 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के नाम और पदनाम का दुरुपयोग कर साइबर ठगी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात ठग व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से लोगों से धनराशि की मांग कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व उनके नाम, फोटो और पदनाम का उपयोग कर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। ठग विदेशी नंबरों, विशेषकर 66 सीरीज तथा अन्य संदिग्ध नंबरों से कॉल अथवा संदेश भेजकर किसी व्यक्ति के लिए तत्काल भुगतान करने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही बाद में पूरी राशि वापस करने का झांसा भी दिया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के सभी संदेश और कॉल पूरी तरह फर्जी हैं तथा इनका जिला प्रशासन या कलेक्टर कार्यालय से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से ऐसे किसी भी संदेश, कॉल या सोशल मीडिया पोस्ट पर विश्वास नहीं करने और किसी भी स्थिति में धन का लेन-देन नहीं करने की अपील की है।
कलेक्टर ने शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार का संदिग्ध संदेश या कॉल प्राप्त होता है तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस और साइबर सेल को दी जाए, ताकि संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने लोगों से डिजिटल माध्यमों पर प्राप्त किसी भी आर्थिक मांग की सत्यता की पुष्टि किए बिना कोई कदम नहीं उठाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच जागरूकता और सतर्कता ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित