भीलवाड़ा , अगस्त 03 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बीगोद थाना क्षेत्र में सोमवार को ड्यूटी पर जा रहे जिला कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारी की बजरी से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे राजपूत कॉलोनी, साबला जी का खेड़ा निवासी रघुनाथ सिंह राठौड़ (59) मोटरसाइकिल से भीलवाड़ा कलेक्टर कार्यालय ड्यूटी के लिए जा रहे थे। कंजर कॉलोनी के पास बजरी से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। उसी दौरान ट्रैक्टर ने सड़क किनारे पैदल जा रही सीता देवी (38) को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बीगोद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल, भीलवाड़ा भेजा गया। इलाज के दौरान रघुनाथ सिंह राठौड़ ने दम तोड़ दिया, जबकि सीता देवी का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही महात्मा गांधी अस्पताल के बाहर परिजन, कलेक्ट्रेट कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित