जगदलपुर , जून 20 -- छत्तीसगढ़ में जगदलपुर के जिला कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने शनिवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 के सुचारू एवं सफल आयोजन को लेकर शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं परीक्षा संचालन की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई।

अधिकारिक जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा कक्षों, बैठक व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों का केंद्र के भीतर और बाहर पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर सुरक्षा बलों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता बरतने को कहा।

जिला प्रशासन ने आज दोपहर परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल का आयोजन कर परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। मॉक ड्रिल के दौरान प्रश्नपत्रों को चेस्ट रूम से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने, प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य परीक्षा दिवस पर संभावित चुनौतियों की पहचान कर उनका समय रहते समाधान करना है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित