हरिद्वार , जून 17 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में होटल धरोहर में युवक कलीम की हत्या के चर्चित मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ भगवानपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों के घर पहुंचकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 84 के तहत ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा (मुनादी) की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार भगवानपुर क्षेत्र स्थित होटल धरोहर में कलीम नामक युवक के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, मामले के दो नामजद आरोपी अर्पित पुत्र प्रवीण चौहान और ऋषिकेश सिंह पुत्र रमेश सिंह, निवासी खुब्बनपुर, अभी भी फरार चल रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में रुड़की न्यायालय से प्राप्त आदेश के अनुपालन में भगवानपुर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के आवास पर पहुंचकर धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की। इस दौरान क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों के माध्यम से मुनादी कर लोगों को सूचित किया गया कि आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित हों, अन्यथा उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित