रायपुर , मई 10 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जशपुर प्रवास के दौरान आज विकासखंड कुनकुरी के ग्राम कलिबा में नवनिर्मित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय भी उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री ने यज्ञमंडप में हरिनाम संकीर्तन करते हुए परिक्रमा की तथा यज्ञशाला में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण क्षेत्र की आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति सेवा, सद्भाव, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देती है। मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक सकारात्मकता और सामूहिक ऊर्जा का संचार करते हैं।

मुख्यमंत्री ने ग्राम कलिबा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही हनुमान टेकरी में सामुदायिक भवन तथा सूर्य नमस्कार की मुद्राओं की प्रतिकृति निर्माण की भी घोषणा की।

उन्होंने अपने 28 माह के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को तेजी से लागू किया है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 27वीं किस्त में 17 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन कराया गया है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से देशभर के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने जल्द मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की भी घोषणा की, जिसके तहत टोल फ्री नंबर के माध्यम से शिकायतों का समाधान समयबद्ध रूप से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत 757 करोड़ रुपये के बिजली बिल माफ किए जा रहे हैं तथा प्रदेशभर में शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित