पटना , सितंबर 02 -- ुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना बुजुर्ग कलाकारों के लिए बुढ़ापे का सहारा बन रही है। योजना के तहत हर माह तीन हजार रुपये की पेंशन मिलने से कलाकारों में खुशी है। लाभार्थी कलाकारों का कहना है कि सरकार की इस पहल से उन्हें आर्थिक संबल मिलने के साथ अपनी कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर भी मिल रहा है।मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के लाभार्थी 61 वर्षीय ढोलक वादक शंकरकांत मिश्रा ने बताया कि वह 20 वर्षों से अधिक समय से वादन का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बिहार सरकार के सावन महोत्सव सहित विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति दी है। उन्होंने कहा कि जवान रहने तक तो काम के सहारे जीवन चलता रहा, लेकिन उम्र बढ़ने के साथ बुढ़ापे में जीविका को लेकर चिंता सताती थी। ऐसे समय में कलाकार पेंशन योजना उनके लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अब वह अपनी मंडली के साथ मंदिरों, होली तथा अन्य आयोजनों में खुशी से वादन करते हैं।
भागलपुर जिले के अबजूगंज निवासी चित्रकार विजय कुमार शाह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1980 में कलाकेंद्र, भागलपुर से प्रशिक्षण प्राप्त कर चित्रकारी शुरू की थी। फाइन आर्ट्स में डिप्लोमा हासिल करने के बाद उन्होंने बिहार की प्रसिद्ध मंजूषा पेंटिंग में अपनी कला का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलना कलाकारों के लिए सौभाग्य की बात है। अप्रैल से पेंशन मिलने के बाद अब वह स्कूलों और अन्य चित्रकला केंद्रों में बच्चों को नि:शुल्क चित्रकारी सिखाते हैं।
श्री शाह ने कहा कि कलाकार पेंशन योजना कलाकारों के लिए बुढ़ापे की लाठी के साथ-साथ अपनी कला को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी बन रही है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में शुरू हुई कलाकार पेंशन योजना के तहत अब तक 411 कलाकारों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये पेंशन देने की स्वीकृति दी गई है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 50 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। कलाकार का बिहार का स्थायी निवासी होना तथा कला के क्षेत्र में कम से कम 10 वर्षों का अनुभव होना आवश्यक है।
इसके अलावा कलाकार के परिवार की वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक किसी सरकारी सेवा में कार्यरत नहीं होना चाहिए तथा बिहार कलाकार पंजीकरण पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित