बीकानेर , अगस्त 15 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 80वें स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर बीकानेर के महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत की जहां राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कार्यक्रम में कलाकारों ने गीत, संगीत एवं विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से समां बांधा।

इस दौरान मूक-बधिर बच्चों की विशेष प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री ने बच्चों और सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध विरासत, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे पहले उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, जेठानंद व्यास एवं अंशुमान सिंह भाटी और अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी और आमजन मौजूद थे।

इसके बाद मुख्यमंत्री स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के किसान भवन में विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। श्री शर्मा ने विभाजन की त्रासदी के कारण जान गंवाने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात लोगों और पीड़ा, बिछोह एवं विस्थापन झेलने वाले परिवारों के प्रति संवेदनाऔर सम्मान व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित