अलवर , नवम्बर 04 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने बुधवार को बूढ़ी बावल (कोटकासिम) क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 425 किलोग्राम दूषित कलाकंद, 150 किलोग्राम मिश्रित दूध और करीब 50 किलोग्राम फफूंद लगी क्रीम मौके पर ही नष्ट करवाई।
खाद्य सुरक्षा विभाग के नोडल अधिकारी हेमंत यादव ने बताया कि मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने बूढ़ी बावल मुख्य बाजार स्थित मेसर्स लीलाराम एवं विकास के गोदाम का निरीक्षण किया। गोदाम के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की भारी कमी पाई गई। मौके पर तैयार किए जा रहे कलाकंद में मरी हुई मक्खियां एवं फफूंद मिली। इसके अलावा करीब 50 किलोग्राम क्रीम में फफूंद और करीब 150 किलोग्राम दूध खट्टा एवं दूषित अवस्था में पाया गया।
दल ने मौके से सभी खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाए। वहीं, जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए करीब 425 किलोग्राम कलाकंद, 150 किलोग्राम मिश्रित दूध एवं 50 किलोग्राम क्रीम को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित