कलबुर्गी , जून 12 -- कर्नाटक में कलबुर्गी शहर के एक सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज (पीयूसी) फॉर गर्ल्स में क्लास चलने के दौरान कक्षा की छत का एक हिस्सा गिरने से पांच छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पुलिस के अनुसार, यह घटना पीयूसी कॉमर्स के दूसरे साल के छात्रों की अकाउंटेंसी क्लास के दौरान हुई। जब छत का कंक्रीट का एक हिस्सा अचानक टूटकर उन पर आ गिरा। उस समय क्लासरूम में 80 से ज़्यादा विद्यार्थी मौजूद थे।

छत गिरने से विद्यार्थियों में अफरातफरी मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलने के रास्ते की ओर भागे। इस अफरातफरी में कई छात्रों को मामूली चोटें आईं, जबकि पांच छात्राएं कंक्रीट का मलबा गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायलों की पहचान शीतल, स्नेहा, दिव्या सुभाष, पूजा गुंडप्पा और सृष्टि शिवानंद के तौर पर हुई है। उन्हें तुरंत कलबुर्गी के ट्रॉमा केयर सेंटर ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

कॉलेज के प्रिंसिपल देवनगौड़ा ने कहा कि छत पर बारिश का पानी जमा होने से इमारत का ढांचा कमजोर हो गया होगा, जिससे वह ढह गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित