कोलकाता , सितंबर 24 -- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को गुरुवार को राहत देते हुए उनके खिलाफ पुलिस की अगली कार्रवाई पर रोक लगा दी।
प्रधान के वकील ने अदालत को बताया कि पुलिस ने उनके खिलाफ एक और पुराने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने अपने आदेश में कहा कि आगामी 12 अक्टूबर तक इस नये मामले में प्रधान के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई न की जाये। इस आदेश के तहत पुलिस इस दौरान उन्हें इस मामले में गिरफ्तार भी नहीं कर सकती। मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को होगी।
प्रधान ने नंदीग्राम में 2007 के ज़मीन अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़े मामलों में गिरफ्तारी के बाद राहत के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। उन्हें गत 18 सितंबर को पूर्वी मेदिनीपुर के चांदीपुर से लंबित गैर-जमानती वारंट के आधार पर हिरासत में लिया गया था। इन मामलों में हत्या, हत्या की कोशिश, दंगा, आपराधिक धमकी और अन्य अपराधों के आरोप शामिल थे।
फिलहाल, प्रधान नंदीग्राम और खेजुरी पुलिस थानों में दर्ज मामलों के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में हैं। उनकी गिरफ्तारी और उसके बाद हिरासत में लिए जाने से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। कांग्रेस का आरोप है कि इस कार्रवाई का मकसद उनके उम्मीदवार को चुनाव प्रचार से दूर रखना था। पुलिस का हालांकि कहना है कि यह कार्रवाई पुराने मामलों में लंबित वारंट के आधार पर की गयी थी।
प्रधान की पत्नी अर्पिता ने आज विधान भवन में पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने पति की गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाये। उन्होंने आरोप लगाया कि मूल मामले में मुख्य आरोपी के तौर पर नामजद लोग अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि उनके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पूछा, "क्या विपक्ष की राजनीति करना कोई अपराध है, उनका परिवार और बच्चे हैं। उन्हें अमानवीय तरीके से जेल में रखा गया है। क्या यह लोकतंत्र का उदाहरण है।"अर्पिता ने राज्य सरकार से यह भी स्पष्टीकरण मांगा कि 2007 के मामलों में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ वैसी कार्रवाई क्यों नहीं की गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति की गिरफ्तारी का मकसद उन्हें चुनावी मुकाबले से दूर रखना था।
इस बीच पड़ोसी रेजीनगर में चुनाव प्रचार जारी रहा, जहाँ माकपा के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने वाम समर्थित उम्मीदवार मोहम्मद सईद के लिए प्रचार किया।
सलीम ने पार्टी नेता अफ़रीन बेगम शिल्पी के साथ रेजीनगर बाज़ार में दुकानों का दौरा किया और प्रचार के तहत स्थानीय लोगों से बातचीत की। दिन में बाद में एक जनसभा भी होनी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित