कोलकाता , मार्च 26 -- कलकत्ता विश्वविद्यालय में गुरुवार को उस समय तनाव व्याप्त हो गया, जब परिसर के भीतर राम नवमी उत्सव आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गयी। इसके बाद आयोजकों ने कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्य द्वार के बाहर पूजा संपन्न की।

सुबह से ही परिसर के भीतर माहौल गरमाया हुआ था, क्योंकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) समर्थित छात्र उत्सव आयोजित करने और शोभायात्रा निकालने की अनुमति देने पर जोर दे रहे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मौजूदा नियमों का हवाला देते हुए दोनों अनुरोधों को खारिज कर दिया, जिसके अनुसार परिसर के भीतर केवल सरस्वती पूजा की अनुमति है।

दिन जैसे ही चढ़ा आयोजकों ने भगवान राम की प्रतिमा लाकर विश्वविद्यालय गेट के बाहर स्थापित कर दी। अनुमति न मिलने के कारण परिसर के बाहर ही पूजा की गयी। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया था, जो कड़ी निगरानी रख रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित