बीजापुर , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत पामेड़, गुण्डम, कोंडापल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को कलेक्टर विश्वदीप एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नम्रता चौबे ने विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों, शैक्षणिक सुविधाओं तथा जनहित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों ने कोंडापल्ली स्थित स्कूल भवन का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी शैक्षणिक सत्र से पहले विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

इसके बाद प्रशासनिक दल ने स्थानीय बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यापारिक गतिविधियों, साफ-सफाई व्यवस्था और आम नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। बाजार क्षेत्र को अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने धर्माराम शिविर स्थल पहुंचकर वहां संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की और विभिन्न विभागों को शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर विश्वदीप और जिला पंचायत सीईओ चौबे ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र का भ्रमण कर वहां की भौगोलिक परिस्थितियों, विकास संभावनाओं और आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान कर्रेगुट्टा पहाड़ी मैदान में अधिकारियों ने सीआरपीएफ जवानों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा बलों के बीच आत्मीय समन्वय का यह दृश्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

निरीक्षण कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी भूपेन्द्र गावरे, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर चंद्राकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक टीम के इस दौरे से क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक माहौल और नई उम्मीद देखने को मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित