बीजापुर , नवंबर 03 -- छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा है कि नक्सलवाद की चुनौतियों का सामना करता रहा बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है।
गुरु खुशवंत साहेब ने बीजापुर जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर की पहचान हिंसा और भय के बजाय उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास और खुशहाली से होनी चाहिए। जिन इलाकों में नक्सली गतिविधियों के कारण विकास कार्य प्रभावित होते थे, वहां अब अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार के प्रयास तेज हुए हैं।
बीजापुर प्रवास के दौरान मंत्री कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर स्थित अग्रिम सुरक्षा चौकी (एफओबी) ताड़पाला पहुंचे और सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की। उन्होंने दुर्गम परिस्थितियों में तैनात जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साहस, शौर्य और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के प्रयासों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से क्षेत्र में शांति स्थापित करने तथा विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाने का वातावरण बन रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को गति मिली है। उन्होंने कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर तिरंगा फहराए जाने को सुरक्षा बलों के साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया।
इस दौरान उन्होंने कर्रेगुट्टा क्षेत्र में निर्माण एवं विकास कार्यों में योगदान देने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। मंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।
राज्योत्सव समारोह में मंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के गठन में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ ने कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, तकनीकी शिक्षा और अधोसंरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है।
उन्होंने बस्तर के युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा और उद्योग आधारित प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में मंत्री ने शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचलों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकगीत और पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। मंत्री ने बस्तर की जनजातीय संस्कृति और लोकपरंपराओं को प्रदेश की अमूल्य धरोहर बताते हुए इनके संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित