श्रीगंगानगर , फरवरी 08 -- राजस्थान में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर रविवार को श्रीगंगानगर में जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने राज्य कर्मचारियों ने 11 सूत्रीय माँग को लेकर संकल्प सिद्धि एवं सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया।
महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोककुमार कलवानिया और जिला मंत्री राधेश्याम यादव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने यज्ञ में आहुतियां दी। श्री कलवानिया और श्री यादव ने कर्मचारियों को संबोधित करते कहा कि महासंघ राज्य सरकार से लगातार कर्मचारियों से जुड़ी मांगों पर कार्रवाई को लेकर आंदोलनरत है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे कर्मचारी वर्ग में असंतोष पनप रहा है। बजट में कर्मचारियों से जुड़ी मांगे पूरी नहीं की गयीं तो राज्य में व्यापक आंदोलन की घोषणा की जाएगी ।
महासंघ के प्रवक्ता रविन्द्र शर्मा और तहसील अध्यक्ष सविता कूकना ने बताया कि मुख्यमंत्री गणतंत्र दिवस पर की गयी घोषणा के अनुसार राज्य सरकार कर्मचारियों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई करे।
संकल्प सिद्धि एवं सद्बुद्धि यज्ञ में राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के वरिष्ठ नेता भूपसिंह कूकणा, सुरेंद्र टोकसिया, जिला मंत्री मनोहर सिहाग, सविता कूकणा शाखाध्यक्ष, कृषि पर्यवेक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल फूलभाटी, शाखाध्यक्ष चरणदास नायक, किरण, कृषि स्नातक संघ के शाखाध्यक्ष भूपेंद्र खैरवा, दाताराम मटोरिया, राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष गणेशसिंह सहित घटक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित