यमुनानगर , अगस्त 14 -- हरियाणा में यमुनानगर नगरपालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की सरकार से वार्ता विफल रही।

अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के प्रधान विजेंद्र सिंह ने बताया कि आज हरियाणा निवास चंडीगढ़ सेक्टर 3 में संघ एवं सरकार के बीच वार्ता हुई, जो पूरी तरह से विफल रही। वार्ता में सरकार की ओर से समाज एवं सहकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर,प्रधान सचिव अरुण गुप्ता,अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा, निकाय विभाग प्रधान सचिव अशोक मीणा, महानिदेशक मुकुल कुमार अग्निशमन महानिदेशक शेखर विद्यार्थी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संघ की ओर से नगरपालिका राज्य प्रधान नरेश शास्त्री, महासचिव मांगेराम तिगरा, अग्निशमन राज्य प्रधान राजिंदर सिणद, महासचिव गुलशन भारद्वाज और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

आज की बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन एवं निकाय मंत्री विपुल गोयल अनुपस्थित रहे। उनकी जगह मौजूद मंत्री कृष्ण बेदी ने 13 मई को संघ और सरकार के बीच हुए समझौते मे नगर पालिका में फायर कर्मचारियों की मानी गयी मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं दे सके, जिसके कारण संघ नेताओं ने सरकार के इस रवैये की कड़ी निंदा करते हुए हड़ताल को जारी रखने का निर्णय लिया।

संघ नेताओ ने निर्णय लिया कि नगर निगम धरना स्थल पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। गोष्ठी में राजनीतिक एवं सामाजिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, कर्मचारी एवं मजदूर संगठनों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा। गोष्ठी में आजाद भारत में सफाई एवं फायर कर्मचारियों के साथ किये जा रहे व्यवहार और उनकी लंबित मांगों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पन्द्रह अगस्त को ही हड़ताल को आगे बढ़ाने अथवा अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाने पर फैसला किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 17 अगस्त से नगरपालिका कर्मचारी संघ एवं फायर कर्मचारी यूनियन विधायकोंएवं सांसदों, विभिन्न राजनीतिक दलों के एवं जिला अध्यक्षों तथा नगरपालिका, नगर परिषद एवं नगर निगमों के सदन के सदस्यों, चेयरमैनों एवं महापौरों से संपर्क कर पालिका एवं फायर कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करने तथा सरकार से मांगों का समाधान करवाने की अपील करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित