रांची , अक्टूबर 29 -- झारखंड के कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय, राँची में गुरुवार को कार्यालय परिसर में ईपीएफओ के 74वें स्थापना दिवस के अवसर पर संगोष्ठी-सह-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य हितधारकों को ईपीएफओ की भूमिका, उपलब्धियों, विभिन्न पहलों एवं सुधारों तथा सदस्यों और नियोक्ताओं के लिए उपलब्ध डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शारिक तनवीर, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I (आरपीएफसी-I), क्षेत्रीय कार्यालय, राँची ने की। इस अवसर पर संदीप सीजर टोप्पो, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II (आरपीएफसी -II) तथा विमल कुमार सिंह, सहायक भविष्य निधि आयुक्त (एपीएफसी) भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री अंशु पटेल, प्रवर्तन अधिकारी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ईपीएफओ की विभिन्न योजनाओं एवं पहलों, जिनमें विश्वास, ईईसी तथा पीएमवीबीआरवाई शामिल हैं, के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, ईपीएफओ द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल पहलों तथा सदस्यों और हितधारकों के लाभार्थ शुरू किए गए अन्य उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में इन सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनकी सुलभता और सेवा-प्रदायगी को बेहतर बनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रमुख हितधारकों की सक्रिय भागीदारी रही। इनमें झारखंड स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सदस्य रणधीर कुमार शर्मा, मेकॉन लिमिटेड के उप महाप्रबंधक (वित्त) प्रांजल करमाकर तथा आरडी सी एंड आईएस के सहायक महाप्रबंधक (वित्त) बृजकिशोर सिंह शामिल थे। इसके अतिरिक्त, बीआईटी मेसरा, मोरिश फूड्स, डीएवी बरियातू, गोस्सनर कॉलेज तथा होराइजन ट्रकिंग सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित