मुंबई , अगस्त 10 -- सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी टीसीएस ने उसके कुछ कर्मचारियों की जानकारी लीक होने के दावों के बारे में सोमवार को कहा कि जांच में इसका कोई प्रमाण नहीं मिला है।
टीसीएस ने शेयर बाजारों को बताया कि कंपनी को सिक्योरिटी में सेंध से संबंधित कुछ अलर्ट प्राप्त हुए हैं, जिनमें कुछ कर्मचारियों की जानकारी के संभावित रूप से उजागर होने का दावा किया गया है। कंपनी ने इस मामले की जांच की है और टीसीएस के सिस्टम या ग्राहकों की जानकारी में किसी भी प्रकार के उल्लंघन का कोई विश्वसनीय प्रमाण नहीं पाया है।
उसने कहा है कि संदर्भित जानकारी चार वर्ष से अधिक पुरानी प्रतीत होती है और यह केवल कर्मचारियों की सामान्य/बुनियादी जानकारी तक सीमित है। ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि ग्राहक डेटा, ग्राहक सिस्टम या टीसीएस के परिचालन सिस्टम प्रभावित हुए हैं।
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि हमलावर ने दावा किया है कि उसने हमले के लिए पासवर्ड स्प्रेइंग और मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन में व्याप्त खामियों जैसी तकनीकों का उपयोग किया। कंपनी ने ऐसी तकनीकों से बचाव के लिए पिछले दो वर्षों से अधिक समय से मजबूत सुरक्षा उपाय लागू कर रखे हैं। वर्तमान समीक्षा के आधार पर, ये सुरक्षा नियंत्रण प्रभावी बने हुए हैं और कंपनी लगातार अपने वातावरण की बारीकी से निगरानी कर रही है।
कंपनी ने कहा है कि वह उपलब्ध होने वाली किसी भी नयी जानकारी का लगातार आकलन करती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर उचित कार्रवाई करेगी। कंपनी अपने सिस्टम की सुरक्षा और मजबूती बनाये रखने तथा हमें सौंपे गये डेटा और जानकारी की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित