चंडीगढ़ , अगस्त 07 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने लंबित महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान की मांग कर रहे राज्य सरकार के कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का लंबित डीए उनका जायज हक है और आम आदमी पार्टी सरकार को इसे हर हाल में जारी करना चाहिए।

राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पर कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर विश्वासघात करने और उनकी मांगों के खिलाफ पुलिस बल का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि यदि आप सरकार पंजाब का पैसा गुजरात और गोवा में चुनाव अभियानों पर खर्च कर सकती है, तो अपने कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित की किस्तें देने के लिए धन क्यों नहीं है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आप सरकार की मंशा पर सवाल इसलिए भी उठते हैं, क्योंकि वह कर्मचारियों को डीए देने संबंधी हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में अपील कर रही है। उन्होंने कहा कि यह असामान्य स्थिति है कि सरकार अपने ही कर्मचारियों को उनका जायज हक देने से इनकार कर रही है और अदालत में भी उनके खिलाफ खड़ी है।

उन्होंने सवाल किया, "ऐसी कौन-सी सरकार है जो अपने ही कर्मचारियों का विरोध करती है, वह भी तब जब उनकी मांग जायज हो?"राजा वड़िंग ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा कि कांग्रेस कर्मचारियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए अपनी पूरी ताकत और संसाधनों का इस्तेमाल करेगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने के वादे से पीछे हटने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस सरकारों ने पहले ही सरकारी कर्मचारियों केलिए ओपीएस बहाल की थी और अब हिमाचल प्रदेश में भी इसे बहाल किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी कांग्रेस की सरकार बनने पर सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित