चंडीगढ़ , अगस्त 29 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को हड़ताली सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी और कहा कि कर्मचारियों का शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रहकर विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है।
पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में श्री वड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों को कार्रवाई की धमकी देकर डराने या दबाव बनाने का प्रयास न करें। उन्होंने श्री मान को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्होंने कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की तो इसके दूरगामी परिणाम होंगे और यह उनका मुख्यमंत्री के रूप में आखिरी दिन भी साबित हो सकता है।
रक्खड़ पुन्निया के अवसर पर बाबा बकाला में आयोजित कांग्रेस सम्मेलन में उनकी गैरमौजूदगी के सवाल पर श्री वड़िंग ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि सभी वरिष्ठ नेता हर कार्यक्रम में हर समय मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि कई अन्य वरिष्ठ नेता भी सम्मेलन में शामिल नहीं हुए थे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा द्वारा पार्टी में कथित 'स्लीपर सेल' और 'समझौता करने वाले नेताओं' के संबंध में दिये बयान पर श्री वड़िंग ने कहा कि वह रंधावा से मुलाकात कर उनसे पूछेंगे कि उनका इशारा किन नेताओं की ओर है। उन्होंने सवाल किया कि क्या उनका इशारा उन नेताओं की ओर है जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल में 'स्लीपर सेल' हो सकते हैं और उनकी पहचान कर उन्हें बेनकाब किया जाना चाहिए, क्योंकि ऐसे लोग राजनीतिक विरोधियों से ज्यादा पार्टी को नुकसान पहुंचाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित