श्रीगंगानगर , अक्टूबर 22 -- राजस्थान में श्री गंगानगर जिले में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ केआह्वान पर पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव प्रशिक्षण के दौरान महासंघ से जुड़े सैकडों कर्मचारियों द्वारा गुरुवार को सरकारी चाय नाश्ते और भोजन का बहिष्कार किया गया।

महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक कलवानियां और जिला मंत्री राधेश्याम यादव ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा राज्य में राज्य कर्मचारियों के समर्पित अवकाश और अन्य भुगतानों एवं सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के जीपीएफ, एसआई, ग्रैच्युटी, उपार्जित अवकाश का समयबद्ध भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस कारण कर्मचारी और उनके परिवारों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे राज्य में सेवारत आठ लाख कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि महासंघ कर्मचारियों को समयबद्ध भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत है और चरण बद्ध रूप से आंदोलन की सूचना ज्ञापन भेजकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव राजस्थान सरकार को दे चुका है, लेकिन इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा कोई प्रभावीकार्रवाई अब तक नहीं की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित