भोपाल , अगस्त 17 -- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने म.प्र. सिविल सेवा (पदोन्नति) नियम, 2025 के अनुपालन में 38 संवर्गों के 2,011 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की है। लगभग एक दशक से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को कंपनी ने 22 दिनों में पूरा किया।

कंपनी के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। इससे 2,011 अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी स्तर पर कुल 620 समयमान वेतनमान प्रकरणों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

पदोन्नति के बाद रिक्त हुए सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, कार्यालय सहायक सहित विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होने की संभावना है।

कंपनी द्वारा कर्मचारी हितों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रियाओं के माध्यम से कर्मचारियों के विकास के साथ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित