हैदराबाद , मई 29 -- तेलंगाना सरकार ने शुक्रवार को पहले चरण के तहत कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित बकाये भुगतान के लिए 2,000 करोड़ रुपये जारी कर दिये हैं। इसके साथ ही सरकार ने मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क ने कर्मचारी यूनियनों को दिये एक प्रमुख आश्वासन को पूरा कर दिया है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, सरकार ने इससे पहले कर्मचारी संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) के नेताओं से वादा किया था कि 6,000 करोड़ रुपये का लंबित बकाया 100 दिनों के भीतर चुका दिया जायेगा।

वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए वित्त विभाग के विशेष मुख्य सचिव संदीप कुमार सुल्तानिया ने शुक्रवार को 2,000 करोड़ रुपये जारी करने के आदेश जारी किये।

इस नवीनतम राशि के जारी होने के साथ ही, सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) के बकाये और मई 2025 तक बकाये पेंशन का एकमुश्त भुगतान कर दिया है।

बयान में कहा गया कि सरकार अग्रिम योजना और एक स्पष्ट कार्य रणनीति के जरिये इस प्रक्रिया को लागू कर रही है। इसके साथ ही सरकार ने भरोसा दिलाया कि शेष 4,000 करोड़ रुपये भी तय समय सीमा के भीतर कर्मचारियों के खातों में जमा कर दिये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित