पटना , मई 28 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रवक्ता अरविंद निषाद ने मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को बधाई देते हुए कहा कि बिहार विधान मंडल के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों, अखिल भारतीय सेवा के सेवारत एवं सेवानिवृत्त पदाधिकारियों, राज्य सरकार के नियमित कर्मियों, पेंशनधारियों तथा उनके आश्रितों को बिहार सरकार स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी जनकल्याणकारी फैसले को कैबिनेट से स्वीकृति मिलना ऐतिहासिक कदम है। श्री निषाद ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य कैबिनेट का यह फैसला लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत और सुरक्षा देने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री श्री चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार की संवेदनशील सोच और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत आवश्यकता को लेकर सरकार ने जो दूरदर्शी पहल की है, उससे कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पेंशनभोगियों में सुरक्षा और सम्मान की भावना और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विभिन्न वर्गों द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुलभ और व्यवस्थित बनाने की मांग की जा रही थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक निर्णय में बदल दिया है।

श्री निषाद ने कहा कि राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार लगातार सुशासन और लोककल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से लाभार्थियों को इलाज के दौरान आर्थिक दबाव और जटिल प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित होगी। यह निर्णय राज्य सरकार की कर्मचारी हितैषी एवं मानवीय सोच का प्रतीक है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत होगा तथा राज्य में सुशासन के माॅडल को नई मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित