बिहार संपर्क क्रांति ट्रेन ठहरावसमस्तीपुर , अगस्त 19 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने बुधवार को समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम रेलवे स्टेशन पर दरभंगा- नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन (12565/66) के ठहराव का झंडी दिखा शुभारंभ किया।

श्री ठाकुर ने बिहार संपर्क क्रांति के कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर ठहराव की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ट्रेन के ठहराव से कर्पूरी ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब यात्रियों को बिहार संपर्क क्रांति पकड़ने के लिए समस्तीपुर रेलवे स्टेशन नहीं जाना पड़ेगा और वे अपने क्षेत्र से ही सीधे नई दिल्ली की यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ग्राम स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

श्री ठाकुर ने कहा कि स्टेशन के विकास से यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि रेल मंत्रालय समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। बिहार संपर्क क्रांति जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन का कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर ठहराव क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर के प्रयास से यह संभव हुआ है। इससे कर्पूरी ग्राम और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि बिहार संपर्क क्रांति के कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर ठहराव से आसपास के यात्रियों को नई दिल्ली की यात्रा में सुविधा होगी। यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए समस्तीपुर तक अतिरिक्त यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा उन्हें अपेक्षाकृत कम किराया भी देना पड़ेगा।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव स्थानीय क्षेत्र के यात्रियों के लिए रेल सुविधा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित