समस्तीपुर , जनवरी 24 -- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न जननायक स्व. कर्पूरी ठाकुर की 102 वीं राजकीय जयंती शनिवार को उनके पैतृक गांव समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम में धूमधाम के साथ मनाई गई।

इस समारोह में मुख्यमंत्री श्री कुमार के साथ प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा विजय कुमार सिन्हा, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी शामिल हुए।

इस अवसर पर सभी नेताओं ने कर्पूरी ग्राम स्थित स्मृति भवन और गोखुल कर्पूरी फुलेश्वरी महाविद्यालय मे जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उन्हें श्रधांजलि दी। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार ने केन्द्रीय मंत्री एवं जननायक स्व. ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर लिखित पुस्तक "संसद और मैं तथा मेरे संसदीय स्वर" का विमोचन भी किया।

स्व. ठाकुर की जयंती के अवसर पर जदयू विधायक अश्वमेध देवी एवं राजकुमार राय भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान आगन्तुक सभी नेताओं ने एक स्वर से कर्पूरी ठाकुर को एक ऐसा आदर्श पुरुष बताया जो जीवन पर्यंत शोषितों एवं कमजोर वर्गो के विकास के लिए काम करते रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित