रामनगर , मार्च 23 -- कर्नाटक में सोमवार सुबह बेंगलुरु-मैसूर राजमार्ग पर सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार केरल से बेंगलुरु जा रही एक निजी बस, चन्नापटना तालुक के पुट्टप्पानदोड्डी गांव के पास सड़क के डिवाइडर से टकरा गयी। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, केरल स्थित पीके ट्रैवल्स द्वारा संचालित यह बस आज तड़के लगभग 4:10 बजे सड़क के किनारे बने डिवाइडर की रेलिंग से टकराने से पहले बेकाबू हो गई थी। पुलिस को संदेह है कि चालक की थकान या नींद के झोंके के कारण वाहन सड़क से भटक गया होगा। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद फरहान और 45 वर्षीय सुल्फी के रूप में हुई है। दोनों केरल के कोझिकोड के रहने वाले थे। वहीं, 45 वर्षीय रशीद (कलासिपाल्या) और 27 वर्षीय साकेर (अडुगोडी) बेंगलुरु के रहने वाले थे।

केरल में कन्नूर के दो अन्य यात्री अब्दुल और एलीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज पास के एक अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बैरियर से टकराने के बाद भी बस लगभग 100 मीटर तक चलती रही, और फिर जाकर रुकी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चन्नापटना सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। चन्नापटना ट्रैफिक पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, मलबे को हटाया, और कुछ समय की रुकावट के बाद राजमार्ग को फिर से खोल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित